स्नातक एवं शिक्षक निर्वाचन की तैयारियों का जिला निर्वाचन अधिकारी ने लिया जायजा
मतदान केंद्र का निरीक्षण कर अधिकारियों को समय से व्यवस्थाएं पूरी करने के दिए निर्देश
भारत निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों के तहत वाराणसी खंड स्नातक एवं शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के निर्वाचन को स्वतंत्र, निष्पक्ष, पारदर्शी और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में जिला निर्वाचन अधिकारी सैमुअल पाल एन. ने कलेक्ट्रेट परिसर स्थित मतदान केंद्र का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान जिला निर्वाचन अधिकारी ने मतदान केंद्र पर उपलब्ध सुविधाओं और निर्वाचन संबंधी तैयारियों की समीक्षा की। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि भारत निर्वाचन आयोग द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पूरी तरह पालन सुनिश्चित किया जाए। निर्वाचन प्रक्रिया से जुड़ी सभी आवश्यक व्यवस्थाएं निर्धारित समय-सीमा के भीतर पूरी कर ली जाएं, ताकि मतदान के दौरान किसी प्रकार की असुविधा न हो।
उन्होंने मतदान प्रक्रिया को सुचारू रूप से संपन्न कराने के लिए अधिकारियों को जिम्मेदारियों का गंभीरता से निर्वहन करने तथा व्यवस्थाओं में किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरतने के निर्देश दिए। जिला प्रशासन का उद्देश्य निर्वाचन प्रक्रिया को निष्पक्ष और पारदर्शी बनाए रखते हुए शांतिपूर्ण वातावरण में संपन्न कराना है।
निरीक्षण के दौरान उप जिला निर्वाचन अधिकारी एवं अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व परमानन्द झा सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे। अधिकारियों को निर्वाचन संबंधी तैयारियों को समयबद्ध तरीके से पूरा करने और आयोग के निर्देशों के अनुरूप सभी आवश्यक प्रबंध सुनिश्चित करने को कहा गया।
